कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ध्वजारोहण कर ली भव्य परेड की सलामी

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ध्वजारोहण कर ली भव्य परेड की सलामी

नीमच

Shares

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ध्वजारोहण कर ली भव्य परेड की सलामी

गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में नीमच जिले में समारोहपूर्वक मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

नीमच। देश एवं प्रदेश के साथ ही नीमच जिले में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय नीमच स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के साथ खुली सफेद जिप्सी में सवार होकर भव्य परेड का निरीक्षण किया तथा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल से प्रदेश की जनता के नाम दिए गए संदेश का सीधा प्रसारण मुख्य समारोह स्थल पर चार बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंच से जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बधाई संदेश का वाचन किया तथा जिले की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।

आकर्षक मार्चपास्ट ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस के बैंड की मधुर राष्ट्रीय धुनों के बीच तीन हर्ष फायर किए गए। परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक एवं परेड कमांडर सुश्री दिव्या चंद्रवंशी तथा उप कमांडर सूबेदार श्री सुरेंद्र सिसोदिया के नेतृत्व में मार्चपास्ट परेड ने मुख्य अतिथि को सलामी दी।

परेड में उप निरीक्षक श्री अंकित के नेतृत्व में सीआरपीएफ प्लाटून, उप निरीक्षक श्री बलराम सेनार्थी के नेतृत्व में एसएएफ प्लाटून, उप निरीक्षक श्री प्रभु दयाल डोडियार के नेतृत्व में जिला पुलिस बल पुरुष, उप निरीक्षक श्रीमती सपना राठौर के नेतृत्व में जिला महिला पुलिस बल, सहायक उप निरीक्षक श्री दीपक कुमार बैरसी के नेतृत्व में होमगार्ड प्लाटून, वन रक्षक श्री कोमल सिंह चंद्रावत के नेतृत्व में वन विभाग प्लाटून तथा सीनियर अंडर ऑफिसर सुश्री लकी पारवानी के नेतृत्व में एन.सी.सी. सीनियर दल ने कदम से कदम मिलाकर आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस एवं शौर्य दल की प्लाटून ने भी परेड में सहभागिता की।

ALSO READ -  विजयादशमी के अवसर पर सरवानिया पुलिस चौकी पर हुआ शस्त्र पूजन

परेड एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के विजेता हुए सम्मानित

सशस्त्र समूह में सीआरपीएफ प्लाटून को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून को द्वितीय तथा जिला पुलिस बल महिला प्लाटून को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। गैर-सशस्त्र समूह में शौर्य दल को प्रथम, शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-2 रेडक्रॉस नीमच एवं सांदीपनि विद्यालय गाइड दल को संयुक्त रूप से द्वितीय तथा सांदीपनि विद्यालय एनसीसी दल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता दलों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नीमच को प्रथम, सांदीपनि विद्यालय नीमच को द्वितीय तथा स्प्रिंगवुड स्कूल नीमच को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्मेल कान्वेंट स्कूल, सांदीपनि विद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट उमावि, स्प्रिंगवुड स्कूल एवं हेमंत मूकबधिर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। हेमंत मूकबधिर विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘देश रंगीला’ देशभक्ति गीत पर विशेष प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। विभिन्न विद्यालयों के करीब 500 विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन भी किया।

94 उत्कृष्ट प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

समारोह में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास एवं विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने जिला प्रशासन की ओर से लोकतंत्र रक्षकों एवं उनके परिजनों को ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए कुल 94 अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस जवानों, छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में देहदान एवं अंगदान करने वाले महानुभावों के परिजनों को भी शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य समारोह की शुरुआत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों को जिले में हुए नवाचारों एवं विकास कार्यों पर आधारित विकास पुस्तिका भी वितरित की गई।

ALSO READ -  मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज ससंघ का हुआ भव्य मंगल प्रवेश

शहीद स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि

मुख्य समारोह से पूर्व कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जनसिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष श्रीमती शारदाबाई धनगर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, श्रीमती वंदना खंडेलवाल, पार्षदगण, डीएफओ श्री एस.के. अटोदे, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन सहित जिला अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश पाटीदार एवं सुश्री मंजूला धीर ने किया।

Shares
WhatsApp Group Join Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *