तैराकी से तिरंगा यात्रा तक, नीमच जिले में गूंजा देशभक्ति का संदेश
नीमच। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को नीमच और जावद में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, तिरंगे के सम्मान और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
तरण ताल पुष्कर नगरपालिका परिषद नीमच में तैराकी के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया गया। स्विमिंग पूल को तिरंगे से सजाया गया तथा तैराकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक तैराकी की। विभिन्न लेन में तिरंगे के साथ तैराकी करते हुए खिलाड़ियों ने स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह और देशभक्ति की भावना प्रदर्शित की। उपस्थित नागरिकों ने भी तिरंगा लहराकर तैराकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे सहित नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी, तैराकी प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में तहसील जावद में भी ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ विधायक महोदय की उपस्थिति में कस्बा नयागांव से हुआ। यात्रा नयागांव से खोर, हनुमंतिया, अठाना, देवनगर, मेढ़की, उम्मेदपुरा, तारापुर, जावद, पालराखेड़ा, मोड़ी, उपरेड़ा, सरवानिया महाराज एवं गणेशपुरा होते हुए सेमली में संपन्न हुई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, शासकीय अमले और आमजन ने सहभागिता कर तिरंगे के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
नीमच में तैराकी और जावद में तिरंगा यात्रा के माध्यम से आयोजित इन गतिविधियों ने खेल,राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया तथा नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।

