सरवानिया महाराज में नपा अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण, हर्षोल्लास से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
सरवानिया महाराज। शहर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह शासकीय उच्चतर माध्यमिक सांदीपनि विद्यालय परिसर में हुआ। नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्रसिंह जैन ने विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती स्मिता नागदा की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। इसके बाद पुलिस जवानों ने
चौकी प्रभारी गोपाल तनान के नेतृत्व मे तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान हुआ। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया। सुबह शहर के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने आकर्षक झांकियों और देशभक्ति गीतों के साथ प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हरिया भेरू चौक और बस स्टैंड पहुंचे। यहां से प्रभात फेरी मुख्य समारोह स्थल सांदीपनि विद्यालय परिसर पहुंची।
मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन – समारोह में नगर परिषद उपाध्यक्ष रामलाल राठौर ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इसके बाद नप अध्यक्ष रूपेंद्रसिंह जैन ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शहर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि नगर परिषद शहर के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
आवास योजना में पैसे लेने वालों पर कार्रवाई की बात – नप अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर कहा कि जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि कोई व्यक्ति आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है या भ्रष्टाचार करता है तो इसकी जानकारी उन्हें दी जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों से 20, 30 या 50 हजार रुपए लिए गए हैं, वे भी सामने आकर जानकारी दें, ताकि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
16 बीघा जमीन अतिक्रमण मुक्त, अब उद्यान विहार विकसित करने की तैयारी – अध्यक्ष जैन ने बताया कि नगर परिषद टीम और सहयोग से खेड़ापति बालाजी मंदिर क्षेत्र की करीब 16 बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। अब इस भूमि पर उद्यान विहार विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नगर में विकास के कई कार्य किए जाएंगे।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, नागरिकों ने भी दिए पुरस्कार – समारोह में शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नगर परिषद की ओर से सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार दिए गए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर समारोह में मौजूद नागरिकों ने भी अपनी ओर से विद्यार्थियों को इनाम देकर उनका उत्साह बढ़ाया। पुरस्कार मिलने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
हेड कांस्टेबल ने देशभक्ति गीत से बांधा समां – कार्यक्रम में सरवानिया पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल जीवन बामनिया ने देशभक्ति पर सुंदर गीत प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत ने ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता प्राप्त की थी। यह दिन स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, देश के लोकतांत्रिक सफर और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस बार देश आजादी के 79 वर्ष पूरे कर 80वें स्वतंत्रता दिवस में प्रवेश कर रहा है। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत की प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
इन संस्थानों में भी हुआ ध्वजारोहण – शहर की पुलिस चौकी पर सुबह 7 बजे चौकी प्रभारी गोपाल तनान, प्राथमिक सहकारी संस्था पर सुबह 7:30 बजे शाखा प्रबंधक कुलदीप जैन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह 8 बजे डॉ. संदीप शर्मा और नगर परिषद भवन पर सुबह 8:30 बजे नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्रसिंह जैन ने ध्वजारोहण किया।
आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा – समारोह जहां देशभक्ति और उत्साह के बीच संपन्न हुआ, वहीं कुछ व्यवस्थाओं को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा रही। सरस्वती पूजन के दौरान माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक कारूलाल मेघवाल जूते पहने हुए खड़े नजर आए। बाद में एक पत्रकार द्वारा ध्यान दिलाए जाने पर उन्होंने जूते उतार दिए। वहीं नगर परिषद के कार्यकाल के पांचवें वर्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी पार्षद एक साथ मंच पर मौजूद नहीं रहे। इसे लेकर भी कार्यक्रम स्थल पर लोगों के बीच चर्चा होती रही।
ये रहे मौजूद – समारोह में मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली, जिला मंत्री शिवम पुरोहित, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भूपेश कुमार देवड़ा, भाजपा नगर अध्यक्ष हेमंत पुरोहित, पत्रकारगण, पार्षदगण, पुलिस प्रशासन, नगर परिषद टीम, गणमान्य नागरिक, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक वीरेंद्र कुमार गुर्जर ने किया। आभार विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती स्मिता नागदा ने माना। राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

