जिले के सभी नगरीय निकायों में जनकल्याण शिविर आयोजित
नीमच – मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी नगरीय निकायों में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने, लंबित आवेदनों के निराकरण तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई है।
जिले की नगरपालिका नीमच तथा नगर परिषद मनासा, जावद, रामपुरा, सिंगोली, जीरन, डिकेन, रतनगढ़, कुकड़ेश्वर, नयागांव, अठाना एवं सरवानिया महाराज में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाया।
शिविरों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तहत पात्र रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को ऋण, ऋण पुनर्भुगतान, डिजिटल लेन-देन प्रोत्साहन एवं पीएम स्वनिधि से समृद्धि योजनाओं की जानकारी दी गई तथा नवीन आवेदन भी आमंत्रित लिए गये। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास संबंधी जानकारी देकर लंबित प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही की गई। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के संबंध में जानकारी देकर पात्र नागरिकों का पंजीयन किया गया तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया।
शिविरों में शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को दी गई। विभिन्न योजनाओं से संबंधित लंबित आवेदनों की समीक्षा कर उनके त्वरित निराकरण की कार्यवाही की गई।साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा कर शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित किया गया तथा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई।
शिविरों में नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं प्राप्त होने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
जिला प्रशासन एवं नगरीय निकायों द्वारा नागरिकों से अपील की गई है, कि वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु अपने निकटतम नगरीय निकाय कार्यालय एवं आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों में संपर्क कर लाभ उठाए।

