सोमवती अमावस्या पर शिवज्योति आश्रम लिलदा में मालपुओं के भोग एवं प्रसादी का आयोजन
मंदसौर। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर श्री शिवज्योति आश्रम, लिलदा में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान को मालपुओं का विशेष भोग अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। आश्रम के गुरूजी देवीनाथ योगी के अनुसार शिवज्योति आश्रम वर्षों पुराना चमत्कारिक एवं आस्था का केंद्र है, जहां शिवज्योति विराजमान है। उन्होंने बताया कि आश्रम में बाबाजी की पावन धूनी स्थित है, जिसमें वर्ष के 365 दिन और 24 घंटे अखंड अग्नि प्रज्ज्वलित रहती है। आश्रम परिसर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमानजी महाराज भी विराजमान हैं। उनके दिव्य दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ एवं मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। यह धार्मिक आयोजन ठा.जसवंतसिंह की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों ने सहभागिता की। सभी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं लोककल्याण की कामना की। भोग अर्पण एवं प्रसादी वितरण के पश्चात श्रद्धालुओं ने आश्रम के भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण में धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे दिन आश्रम परिसर में भजन-कीर्तन और श्रद्धा का माहौल बना रहा। शिवज्योति आश्रम लिलदा, मंदसौर ट्रस्ट के अध्यक्ष कुशालसिंह राठौर (लसूडिया) एवं सदस्य विष्णु बैरागी सहित संचालक मंडल और आश्रम के अनुयायियों का आश्रम की गतिविधियों एवं धार्मिक आयोजनों में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान बना रहता है। आयोजन के सफल संचालन में आश्रम से जुड़े सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम बनकर संपन्न हुआ।

सोमवती अमावस्या पर शिवज्योति आश्रम लिलदा में मालपुओं के भोग एवं प्रसादी का आयोजन
WhatsApp Group
Join Now
