जीतू पटवारी के रोड शो ने मनासा में बिखेरी कांग्रेस की शक्ति
मनासा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में मनासा विधानसभा क्षेत्र में भव्य रोड शो का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने भाग लिया। रोड शो की शुरुआत मंदसौर नाके से हुई, जहां प्रदेश अध्यक्ष का जोशीला स्वागत किया गया।
इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा, पूर्व विधायक व लोकसभा प्रत्याशी दिलीप गुर्जर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, जिला प्रभारी हर्ष विजय गेहलोत, सह प्रभारी डीपी धाकड़, राजेश भरावा, ब्लॉक अध्यक्ष श्याम सोनी और रामपुर ब्लॉक के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ और ग्राम पंचायत स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठित होकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना चाहिए और जो भी पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ कार्य करेगा, उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस कुकड़ेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष सुश्री प्रियंका भाटी, युवा नेता राजेंद्र पटेल और महेंद्र उपाध्याय ने मंच से जीतू पटवारी का स्वागत किया।
पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा ने अपने संबोधन में जीतू पटवारी की संगठन क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 27 तारीख को मऊ में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन श्याम सोनी और पवन रावल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोरमा मुंदड़ा और रामप्रसाद कसेरा ने किया।
इस भव्य रोड शो और कार्यकर्ता सम्मेलन ने मनासा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की शक्ति का प्रदर्शन किया और आगामी कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।
सिंगोली से ख्वाजा हुसैन मेवाती
ये भी पढ़े – गौ रक्षा दल ने गौ माता को गुड़, दुध से खिचड़ा बना कर खिलाकर मकर संक्रांति पर्व मनाया!