13 अगस्त को नीमच में निकलेगी वृहद तिरंगा यात्रा
शहीद स्मारक से प्रारंभ होकर भारत माता चौक पर होगा समापन
नीमच। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नीमच में 13 अगस्त को शाम 4 बजे वृहद तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ ज्ञानमंदिर शहीद स्मारक से होगा। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व शहीद स्मारक स्थित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा ज्ञानमंदिर शहीद स्मारक से जाजू बिल्डिग, घंटाघर रोड,नया बाजार, बारादरी फव्वारा चौक एवं कमल चौक होते हुए भारत माता चौराहा पहुंचेगी। यहां भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ तिरंगा यात्रा का समापन होगा।
तिरंगा यात्रा में समस्त जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं,गैर सरकारी संगठनों,विभिन्न क्लब,छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर तिरंगा यात्रा को सफल बनाएं। नागरिकों की व्यापक भागीदारी से यह आयोजन देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

