कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने टामोटी में रात्रि विश्राम के बाद सुबह की पहली किरण के साथ जल संरचनाओं का किया निरीक्षण, अरावली गौशाला में गौ-सेवा की
ग्राम शिवपुरिया में ग्रामीणों से संवाद कर जल गंगा संवर्धन में जनभागीदारी का आह्वान; गायों को खिलाया गो-ग्रास, बछड़ों को किया दुलार
नीमच – कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को जिले के जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में रात्रि चौपाल एवं जल चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू होने के बाद टामोटी में ही रात्रि विश्राम किया। छात्रावास भवन में अधिकारियों के दल के साथ रात गुजारने के बाद बुधवार को सुबह की पहली किरण के साथ ही कलेक्टर ने टामोटी क्षेत्र के गांवों में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न जल संरचनाओं के निर्माण कार्यों के स्थल का मौके पर निरीक्षण किया।
ग्राम शिवपुरिया में संवाद: कलेक्टर श्री चंद्रा ने ग्राम शिवपुरिया पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और अधिक से अधिक जल संरचनाओं का जन सहयोग से निर्माण करने की समझाइश दी।
अरावली गौशाला में गौ-सेवा: बुधवार को सुबह कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा टामोटी के समीप पहाड़ी पर स्थित अरावली गौशाला पहुंचे। वहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से गो-ग्रास व चारा खिलाया और गौशाला में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने गौशाला में उपलब्ध गायों, उनकी देखभाल की व्यवस्था, पशु चारा व पशु आहार की व्यवस्था, पशुओं के लिए पेयजल की उपलब्धता आदि की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने गाय के बछड़ों को गोद में उठाकर उन्हें दुलार भी किया। गौशाला की समिति सदस्यों ने कलेक्टर का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को टामोटी की रात्रि चौपाल में गौशाला संचालक समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर से भेंट कर, राजस्व गांव अमेरी जहां पर रजिस्टर्ड अरावली गौशाला संचालित होती है, वहां पर 24 घंटे विद्युत सप्लाई नहीं होने से ग्राम वासियों ने आवेदन देकर 24 घंटे विद्युत लाईन से गांव को जोड़ने की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने मध्य प्रदेश विद्युत मंडल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे।
उपस्थित अधिकारी: इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश एवं एसडीएम सुश्री किरण आंजना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

