गोमाबाई नेत्रालय में निःशुल्क नेत्र प्रत्यारोपण वृद्ध के लिए बना वरदान
सफल ऑपरेशन से पीड़ित को पुनः मिली चोटग्रस्त आंख की खोई हुई नेत्र ज्योति
नीमच – राजस्थान के कोटा जिले के ग्राम राजपुर खुर्द निवासी 68 वर्षीय दुर्गालाल पिता पन्नालाल की संक्रमण एवं रासायनिक प्रभाव से क्षतिग्रस्त हुई आंख का गोमाबाई नेत्रालय, नीमच में निःशुल्क सफल नेत्र प्रत्यारोपण किया गया। ऑपरेशन के बाद उन्हें पुनः दृष्टि प्राप्त हुई और अब वे अपने दैनिक कार्य स्वयं करने लगे हैं।
नेत्रालय प्रबंधन के अनुसार, कुछ समय पूर्व आंख में घातक रसायन चले जाने से उनकी आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई थी। इससे वे दैनिक कार्यों के लिए परिवारजनों पर निर्भर हो गए थे।
विभिन्न स्थानों पर उपचार के बाद भी लाभ नहीं मिलने पर परिवारजन उन्हें गोमाबाई नेत्रालय लेकर पहुंचे। यहां विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों ने सूक्ष्म परीक्षण कर परिवार की सहमति से नेत्रदान स्वरूप प्राप्त कॉर्निया का सफल प्रत्यारोपण किया।
सफल ऑपरेशन के बाद दुर्गालाल की नेत्र ज्योति बहाल हो गई है। अब वे पूरी तरह सामान्य एवं प्रसन्न हैं। परिवारजनों ने गोमाबाई नेत्रालय की निःशुल्क नेत्र प्रत्यारोपण सेवा और चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

