मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत झांतला में 21 अगस्त को शिविर
जावद विकासखंड की पंचायतों में पहुंचेगा जिला प्रशासन
नीमच – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा शासन एवं प्रशासन को आमजन के और करीब लाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी गांवों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।
इसी क्रम में 21 अगस्त 2026, शुक्रवार को जावद विकासखंड की ग्राम पंचायत झांतला में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान झांतला सेक्टर की ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को सुना जाएगा। पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी।
आयोजित शिविर में झांतला सेक्टर के अंतर्गत झांतला, शहनातलाई, रेतपुर, राजपुरा झंवर, महुपुरापुरण, डाबड़ा कला, बाणदा, उमर, काकरिया तलाई, बोरदिया, किशनपुरा एवं पलासिया ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है।
जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना, जनसमस्याओं का मौके पर अथवा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से प्रशासनिक जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की जन-केंद्रित शासन व्यवस्था में सरकार का प्रयास है, कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शासन-प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी बात सुने और समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करे।

