निंबाहेड़ा, 30 जून
मेवाड़ की पावन धरा पर आयोजित होने जा रहे 21वें एकविंशति कल्याण महाकुंभ के व्यापक जनजागरण एवं धार्मिक चेतना प्रसार के उद्देश्य से मंगलवार सायंकाल श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ एवं शोध संस्थान तथा श्री कल्लाजी मंदिर माण्डल न्यास, निंबाहेड़ा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य दोपहिया एवं चौपहिया वाहन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं एवं समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सायं 6 बजे वेदपीठ परिसर से प्रारंभ हुई रैली को निंबाहेड़ा नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष चन्द्र शारदा, क्रय-विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष गोपाल आंजना, चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम झंवर, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बंशीलाल रायवाल, नगर कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव मनोहर सिंह मीणा, नगर कांग्रेस कमेटी सदस्य फिरदौस बी, एनएसयूआई नगर अध्यक्ष राहुल सेन, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष भँवर सिंह शक्तावत तथा एनएसयूआई जिला सचिव आदित्य पहाड़िया सहित अन्य अतिथियों ने केसरिया ध्वज दिखाकर रवाना किया।
भगवा ध्वजों, बैनरों एवं महाकुंभ के संदेशों से सुसज्जित वाहनों का काफिला नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने “जय कल्लाजी महाराज”, “हर-हर महादेव” और “कल्याण महाकुंभ में पधारें” के जयघोषों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने रैली का स्वागत कर महाकुंभ के प्रति उत्साह व्यक्त किया।
आयोजन समिति के अनुसार 1 जुलाई से प्रारंभ होने वाला 21वां कल्याण महाकुंभ धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का विराट संगम होगा, जिसमें देशभर से संत-महात्मा, विद्वान एवं श्रद्धालु भाग लेंगे। जनजागरण रैली का उद्देश्य नगर एवं आसपास के क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक महाकुंभ का संदेश पहुंचाना और उन्हें इस ऐतिहासिक आयोजन से जोड़ना रहा।
रैली के दौरान पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर वेदपीठ एवं न्यास के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने 21वें कल्याण महाकुंभ को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
WhatsApp Group
Join Now
