तत्त्वम् आयुर्वेद में निःशुल्क दर्द प्रबंधन एवं अग्निकर्म परामर्श शिविर का सफल आयोजन
मंदसौर, 08 जुलाई। तत्त्वम् आयुर्वेद, नई आबादी, मंदसौर में अग्निकर्म द्वारा दर्द प्रबंधन (Pain Management) विषय पर निःशुल्क परामर्श एवं उपचार शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर मंदसौर इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक एजुकेशन एंड रिसर्च, मंदसौर के तत्वावधान में आयोजित हुआ।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. दीपक यादव द्वारा नियुक्त डॉ. शिवकांत यादव (एम.डी. शल्य तंत्र) ने शिविर में रोगियों का परीक्षण कर अग्निकर्म एवं आयुर्वेदिक उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि अग्निकर्म एक सुरक्षित एवं प्रभावी आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति है, जिससे घुटनों का दर्द, कमर दर्द, गर्दन दर्द, एड़ी का दर्द, फ्रोजन शोल्डर, साइटिका, टेनिस एल्बो तथा विभिन्न प्रकार के पुराने एवं बार-बार होने वाले दर्द में अच्छे परिणाम प्राप्त होते हैं।
डॉ. मदन साहू ने बताया कि आधुनिक जीवनशैली, लंबे समय तक बैठकर कार्य करना, गलत शारीरिक मुद्रा एवं बढ़ती उम्र के कारण कमर, गर्दन एवं जोड़ों के दर्द की समस्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में आयुर्वेद की अग्निकर्म चिकित्सा बिना ऑपरेशन कम समय में दर्द से राहत प्रदान करने वाली प्रभावी चिकित्सा पद्धति है। शिविर में आए रोगियों को अग्निकर्म, पंचकर्म, आयुर्वेदिक औषधियों के साथ-साथ आहार-विहार एवं जीवनशैली संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
शिविर के सफल संचालन में इंटर्न्स प्रशांत नायक, छवि दुबे, अंजली यादव, प्रीत जैन एवं अजय कुमावत का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने रोगी पंजीयन, प्राथमिक जांच, उपचार व्यवस्था एवं परामर्श प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाई।
शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लेकर आयुर्वेदिक विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया तथा आयोजन की सराहना करते हुए ऐसे जनहितकारी शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

