विश्व मजदूर दिवस 1 मई 2026 : गोमाबाई नेत्रालय का अभिनव आयोजन
चित्तौड़गढ़ में श्रमिकों के सम्मान में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन भोजन, दवाइयाँ और नजर के चश्मे भी निःशुल्क वितरित
नीमच – श्रमिक वर्ग की अनूठी सेवाओं एवं राष्ट्र की प्रगति में उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से प्रदेश के अग्रणी नेत्र चिकित्सालय गोमाबाई नेत्रालय के तत्वावधान में 1 मई 2026 को विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर राजस्थान के समीपस्थ चित्तौड़गढ़ में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
गोमाबाई नेत्रालय प्रबंधन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चित्तौड़गढ़ के मजदूर चौराहा क्षेत्र में प्रातः 7:30 बजे से प्रारंभ हुए इस शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों द्वारा बड़ी संख्या में श्रमिकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें कुल 155 लोगों की आंखों की जांच की गई। इस दौरान नेत्र रोगों के लक्षण, उनके बचाव एवं उचित उपचार के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में जांच के आधार पर जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं, जिनमें 43 मरीजों को दवाइयों का लाभ मिला, वहीं 55 लोगों को नजर के चश्मे भी निःशुल्क प्रदान किए गए। चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के दौरान जिन मरीजों में गंभीर समस्या पाई गई, उनमें से 20 को आगे उपचार के लिए रेफर किया गया तथा 27 मरीजों को अस्पताल में विस्तृत जांच हेतु भेजा गया। इसके साथ ही 5 मरीजों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया गया, जिनका निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ विक्टर राउंड टेबल संस्था द्वारा उपस्थित श्रमिकों को भोजन पैकेट भी वितरित किए गए। नेत्रालय प्रबंधन ने इस आयोजन के माध्यम से श्रमिक वर्ग के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से ऐसे शिविरों का लाभ लेने का आह्वान किया।

