परशुराम जयंती पर श्रद्धा का सैलाब, नगर में हुआ ऐतिहासिक आयोजन
रतनगढ़। नगर में ब्राह्मण समाज के आराध्य देव भगवान श्री परशुराम जी की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजजन द्वारा स्थानीय गोवर्धन नाथ मंदिर से सायं 6 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कल्याण राव मंदिर, बड़ा बाजार पहुंची।
यहां भगवान श्री परशुराम जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। साथ ही सामाजिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया। इसके बाद सामूहिक स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया।
शोभायात्रा के दौरान नगर में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर एवं शीतल पेय पदार्थों से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। यात्रा में पुरुष श्वेत वस्त्रों में एवं महिलाएं केसरिया चुनरी पहनकर भगवान परशुराम के जयघोष लगाते हुए वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
सतीश व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम जी त्याग, पराक्रम और धर्म की रक्षा के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से संस्कृति और संस्कारों को संजोकर रखने का आह्वान किया।
कचरूमल गुर्जर ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने नगर में सभी वर्गों के सहयोग से हुए इस आयोजन की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह के आयोजन होते रहने की बात कही।
शंभू भाई चरण ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान परशुराम जी का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा, संस्कार और संगठन के माध्यम से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है।
इस सफल आयोजन के लिए समाज अध्यक्ष नीटू पारासर ने सतीश व्यास, जिला विप्र सेवा अध्यक्ष प्रमोद व्यास, विप्र समाज नीमच के पदाधिकारियों, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कचरूमल गुर्जर, विपिन शर्मा, शंभू भाई चरण, लक्ष्मी नागदा, श्रीमती रिंकी शर्मा, तहसील प्रभारी श्रीमती रेखा नागदा तहसील अध्यक्ष श्रीमती पूजा पाराशर सभापति नगर परिषद सहित सभी समाजजनों एवं सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त किया।
वहीं सुबह महिला मंडलों द्वारा आकर्षक रंगोलियां बनाकर उत्सव की सुंदर शुरुआत की गई।

परशुराम जयंती पर श्रद्धा का सैलाब, नगर में हुआ ऐतिहासिक आयोजन
WhatsApp Group
Join Now
