ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 लाख की अवैध अफीम जब्त
प्रतापगढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र के गांव गागरोल जलमण्डी में कार्रवाई करते हुए 06 किलो 05 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थाना छोटीसादड़ी, धमोतर, धोलापानी, जलोदा जागीर एवं डीएसटी टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पुलिस को 22 मई 2026 को सूचना मिली थी कि गांव गागरोल जलमण्डी स्थित कुछ मकानों में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर गठित टीमों ने मुकेश पुत्र दौलतराम मेनारिया, रामविलास पुत्र लक्ष्मण मेनारिया तथा बबुल पुत्र अम्बालाल मेनारिया के घरों की नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मुकेश मेनारिया के घर के अंदर दो टिफिन में छिपाकर रखी गई कुल 06 किलो 05 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम को जब्त कर थाना छोटीसादड़ी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/18 के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपी मुकेश मेनारिया घर पर मौजूद नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
मुख्य बिंदु:
▪️ ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई
▪️ 06 किलो 05 ग्राम अवैध अफीम बरामद
▪️ अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए
▪️ छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र के गागरोल जलमण्डी में कार्रवाई
▪️ आरोपी फरार, तलाश जारी
▪️ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
ब्यूरो चीफ अनिल जटिया

