अग्रवाल परिवार ने भेंट की मुख्यमंत्री को पशुपतिनाथ प्रतिमा के इतिहास की पुस्तक
मंदसौर। गुरूवार को नगर के पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में बने पशुपतिनाथ लोक के लोकार्पण के दौरान माननीय मुख्यमंत्री मोहन जी यादव को अग्रवाल परिवार ने पशुपतिनाथ प्रतिमा के इतिहास की पुस्तक भेंट की एवं संक्षिप्त चर्चा की।
अग्रवाल परिवार की श्रीमती आशा देवी अग्रवाल, विश्व मोहन अग्रवाल, रवि अग्रवाल ने मुख्यमंत्री श्री यादव को पशुपतिनाथ प्रतिमा के इतिहास की पुस्तक भेंट करते हुए चर्चा के दौरान बताया कि किस प्रकार उनके दादाजी बाबू श्री शिवदर्शन लाल जी अग्रवाल जो कि मंदसौर से विधायक भी रहे है ने प्रतिमा का संरक्षण किया और प्रशासन से विधिवत अनुमति प्राप्त कर प्रतिमा को पुरातत्व संग्रहालय में जाने से रोका एवं अपने खेत पर नीम के पेड़ के नीचे 21 वर्षों तक संरक्षण कर बाद में प्रतिमा विधि विधान के साथ स्थापना करवाई। अग्रवाल परिवार ने मुख्यमंत्री को बताया कि पूर्व विधायक श्री अग्रवाल के प्रयासों से प्रत्यक्षानंद जी महाराज ने प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करवाई थी। उन्होने बताया कि सर्वप्रथम प्रतिमा के दर्शन उदाजी धोबी को हुए जिसकी सूचना उदाजी ने बाबू श्री शिवदर्शन लाल जी को दी,बाबू जी ने अपने साथियों के साथ प्रतिमा को देखा तथा बाबू श्री शिवदर्शन लाल जी अग्रवाल (पूर्व विधायक) ने अपने साथियों के साथ प्रतिमा को शिवना नदी से निकलवा कर अपने खेत में रखवाया तथा 21 वर्षों(19जून 1940 से 27नवंबर1961) तक प्रतिमा का संरक्षण किया ,सन् 1961 में मार्गशीर्ष कृष्ण पंचमी पूज्यपाद स्वामी श्री प्रत्यक्षानंद जी महाराज के कर कमलो द्वारा भगवान पशुपतिनाथ महादेव का नामकरण एवं स्थापना की गई।

