डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी व धोखाधड़ी से रहे सावधान, सेफ क्लिक जागरूकता अभियान कुकड़ेश्वर में
कुकड़ेश्वर – सेफ क्लिक अभियान के दौरान नीमच जिला पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में पुलिस थाना कुकड़ेश्वर में थाना प्रभारी भीमसिंह सिसोदिया द्वारा सी.एम. राइज शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकड़ेश्वर के छात्रों को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों तथा “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के उद्देश्यों से स्कूल परिसर के राजगुरु भवन में अवगत कराया गया । साथ ही छात्रों व परिजनों को नई तकनीकी के उपयोग के दौरान सतर्क रहने, किसी भी प्रकार की जल्दबाजी में निर्णय न लेने तथा साइबर ठगी का शिकार होने से बचने के लिए जागरूक किया गया । आमजन को बताया गया कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता, सतर्कता एवं सही जानकारी है। कार्यक्रमों के दौरान डिजिटल अरेस्ट, फर्जी इन्वेस्टमेंट एप्लीकेशन, एपीके फाइल के माध्यम से होने वाली व्हाट्सएप हैकिंग, फर्जी कैशबैक एवं रिफंड ऑफर, फेक कॉल, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, जॉब स्कैम, मैट्रिमोनियल वेबसाइट धोखाधड़ी, बैंकिंग एवं पेंशन संबंधी साइबर फ्रॉड सहित वर्तमान में प्रचलित साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त छात्रों को अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध ई-मेल एवं संदेशों से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। थाना प्रभारी भीमसिंह सिसोदिया द्वारा छात्रों को यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर अपराध घटित होता है, तो वह तत्काल गृह मंत्रालय द्वारा जारी राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। ऊक्त विषय पर प्राचार्य दिलीप ग्वाला द्वारा भी छात्रों को जानकारी दी गई। सहायक उप निरीक्षक महेश गिरोटिया, सूचना आसंकलन लोकेश मालवीय, शिक्षक विनोद मालवीय व योगेश बैरागी मौजूद थे।

