गंगा दशहरा पर जल संरक्षण का जनसंदेश बोतलगंज में निकली भव्य कलश यात्रा, ग्रामीणों ने लिया जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प
मंदसौर। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मल्हारगढ़ ब्लॉक के ग्राम बोतलगंज में जल संरक्षण एवं जनजागरण का प्रेरणादायी आयोजन किया गया। विकासखंड मल्हारगढ़ के सेक्टर-4 में नवांकुर संस्था श्री श्री महाशक्ति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव के पारंपरिक जल स्रोतों के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद जिला समन्वयक तृप्ति बैरागी के नेतृत्व में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोषों के साथ शामिल हुईं। पूरे गांव में निकली यह यात्रा सामाजिक समरसता और जल संरक्षण के संदेश के साथ रामजानकी मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
समापन अवसर पर जिला समन्वयक तृप्ति बैरागी ने कहा कि जल केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। उन्होंने ग्रामीणों से पुराने जल स्रोतों, कुओं, बावड़ियों और तालाबों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल बचाने की छोटी-छोटी पहलें भविष्य में बड़े परिणाम दे सकती हैं।
कार्यक्रम में गांव के युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा मातृशक्ति की उल्लेखनीय सहभागिता रही। आयोजन को सफल बनाने में संस्था अध्यक्ष गोपाल तिवारी, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष सतनारायण सेन, राधिका तिवारी सहित ग्रामीणजनों का विशेष योगदान रहा।

