जर्जर विद्युत पोल गिरने से महिला गंभीर घायल, विद्युत विभाग की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण, आवेदन देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
सरवानिया महाराज। शहर के समीप ग्राम मोरवन में विद्युत मंडल की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक जर्जर विद्युत पोल अचानक गिर जाने से एक महिला घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 फरवरी 2026 को सामाजिक कार्यक्रम से लौटते समय कुछ महिलाएं मोहल्ले से गुजर रही थीं। इसी दौरान रामकिशन राठौर के घर के बाहर लगा पुराना और जर्जर विद्युत पोल अचानक भरभराकर गिर पड़ा। पोल की चपेट में आकर दुर्गाबाई पति रमेश बेरागी गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि उक्त पोल की स्थिति लंबे समय से खराब थी और वह झुका हुआ था। इसकी शिकायत कई बार विद्युत मंडल के कर्मचारियों को की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पोल की मरम्मत या उसे बदल दिया जाता तो यह हादसा टल सकता था। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम जावद एवं सरवानिया चौकी प्रभारी को लिखित शिकायती आवेदन सौंपकर विद्युत मंडल के दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र के अन्य जर्जर विद्युत पोलों को तत्काल बदलने की मांग की गई है।

