सिंहस्थ मेले को लेकर पुलिस अलर्ट, ग्राम रक्षा समिति की बैठक
कुकड़ेश्वर – आगामी समय में सिंहस्थ मेले में सुरक्षा इंतजामो को लेकर व क्षेत्र में लगने वाले मेले व त्यौहारों के मद्देनजर पुलिस थाना कुकड़ेश्वर में ग्राम रक्षा समिति व नगर रक्षा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक रखी गई।
बैठक में पुलिस थाना क्षेत्र के कई गांवों से ग्राम रक्षा समिति के पदाधिकारी व कुकड़ेश्वर नगर रक्षा समिति के सदस्यो ने उपस्थित रहकर, आगामी गतिविधियो की जानकारी हासिल की। पुलिस थाना कुकड़ेश्वर के थाना प्रभारी भीमसिंह सिसोदिया ने उपस्थित सदस्यों को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आगामी समय मे सिंहस्थ मेला आयोजित होने वाला है। इसको लेकर ग्राम रक्षा समिति व नगर रक्षा समिति के सदस्यों को मेले में दर्शनार्थियों व भक्तों को सुरक्षा व सुविधा मुहैया हो सके इस हेतु आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में सभी सदस्यों को प्रशिक्षित किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने थाना प्रभारी को अवगत करवाया की स्थानीय क्षेत्र में ट्रैक्टर में लगा रखे म्यूजिक सिस्टम को ड्राइवरों द्वारा तेज आवाज में बजाते हुए ट्रेक्टर चलाये जा रहे है, जिससे आमजन परेशान है व ट्रेक्टर के पीछे चलने वालों वाहन चालको को भी परेशानियां उठानी पड़ रही है। इसको लेकर थाना प्रभारी भीमसिंह सिसोदिया ने बताया है कि कोई भी वाहन चालक तेजगति व तेज आवाज में म्यूजिक न बजाए। अन्यथा तेजगति व तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम चलाने वाले ट्रेक्टर व ड्राइवरों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। वंही ग्राम व नगर में रात्रिकालीन समय मे ग्राम रक्षा समिति व नगर रक्षा समिति के सदस्यों द्वारा आमजन की सुरक्षा हेतु गस्त लगाई जाएगी।

