ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई, 1 क्विंटल 27 किलो डोडाचूरा जब्त चार आरोपी गिरफ्तार, 19 लाख की अवैध मादक पदार्थ जब्ती
प्रतापगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत पुलिस थाना देवगढ़ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 27 किलो 600 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए डोडाचूरा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई गई है। अवैध परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ गजेन्द्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक धरियावद वृत्त नानालाल सालवी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देवगढ़ नगजीराम (उप निरीक्षक) के नेतृत्व में की गई। घटना विवरण: दिनांक 31 जनवरी 2026 को पुंगा तालाब पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान ग्यासपुर की ओर से आती एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने लगी। पुलिस ने कार का पीछा किया। कार चालक ग्यासपुर तिराहा होते हुए जाखम बांध की ओर भाग गया, जहां आगे रास्ता बंद होने पर कार को छोड़कर उसमें सवार चारों व्यक्ति अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस जाप्ते ने घेराबंदी कर चारों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम इस प्रकार बताए— भंवरलाल विश्नोई (30), निवासी कागनाडा, थाना लूणी, जिला जोधपुर ग्रामीण फरसाराम विश्नोई (21), निवासी कागनाडा, थाना लूणी, जिला जोधपुर ग्रामीण जसवंत सिंह राजपुरोहित (26), निवासी लूणासर, थाना झंवर, जिला जोधपुर ग्रामीण महेंद्र विश्नोई (23), निवासी डोली कला, थाना कल्याणपुर, जिला जोधपुर ग्रामीण कार की तलाशी लेने पर उसमें काले रंग के 7 प्लास्टिक कट्टों में भरा कुल 1 क्विंटल 27 किलो 600 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। आरोपियों द्वारा बिना लाइसेंस अवैध मादक पदार्थ का परिवहन करना धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
ब्यूरो चीफ अनिल जटिया

