सरवानिया महाराज में महाशिवरात्रि का भव्य आयोजन संपन्न, शिवालयों में दिनभर पूजन-अर्चन, सायंकाल महाआरती में उमड़ी आस्था

सरवानिया महाराज में महाशिवरात्रि का भव्य आयोजन संपन्न, शिवालयों में दिनभर पूजन-अर्चन, सायंकाल महाआरती में उमड़ी आस्था

क्षेत्रीय खबरें नीमच

Shares

सरवानिया महाराज में महाशिवरात्रि का भव्य आयोजन संपन्न, शिवालयों में दिनभर पूजन-अर्चन, सायंकाल महाआरती में उमड़ी आस्था

सरवानिया महाराज। भगवान शिव की आराधना का पावन पर्व महाशिवरात्रि कल नगर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। पर्व को लेकर नगर के विभिन्न शिवालयों में पूर्व से ही विशेष तैयारियां की गई थीं। मंदिरों को फूलों, बेलपत्र एवं आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया। दिनभर रुद्राभिषेक, अभिषेक पूजन, जप-तप एवं भजन-कीर्तन का क्रम चलता रहा। दिन में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते रहे, वहीं सायंकाल महाआरती के समय मंदिरों में विशेष रौनक देखने को मिली।
वार्ड क्रमांक 5 स्थित प्राचीन शिव मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्प सज्जा से भव्य स्वरूप दिया गया। भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार कर दर्शनार्थ व्यवस्था की गई। दिनभर रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना के पश्चात रात्रि में भजन संध्या आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके बाद विधिवत महाआरती संपन्न हुई तथा श्रद्धालुओं को खीर प्रसाद वितरित किया गया।
शिवनगर वार्ड क्रमांक 3 स्थित बड़ी उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में भी विशेष सजावट की गई थी। मंदिर परिसर को पुष्पमालाओं एवं विद्युत झालरों से सजाया गया। शाम 7 बजे महाआरती एवं भजन संध्या का आयोजन हुआ। आरती उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
श्री कालभैरव मुक्तिधाम परिसर में भी प्रतिवर्षानुसार विशेष आयोजन किया गया।सायंकाल कालभैरव मंदिर एवं भगवान भोलेनाथ की संयुक्त महाआरती की गई। इस अवसर पर शमशान समिति के वरिष्ठ सदस्य, जनप्रतिनिधि, चौकी प्रभारी एवं विद्युत विभाग के प्रतिनिधियों का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। अतिथियों ने भगवान शिव से नगर की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने दर्शन कर खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन समितियों द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर का वातावरण पूर्णतः शिवमय बना रहा।

WhatsApp Group Join Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *