तत्त्वम् आयुर्वेद में निःशुल्क स्वर्णप्राशन एवं बाल स्वास्थ्य परामर्श शिविर सम्पन्न
मंदसौर, 15 जुलाई। तत्त्वम् आयुर्वेद में बुधवार, 15 जुलाई 2026 को निःशुल्क स्वर्णप्राशन एवं बाल स्वास्थ्य परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ सहभागिता कर स्वर्णप्राशन एवं आयुर्वेदिक बाल स्वास्थ्य परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का आयोजन मंदसौर इंस्टिट्यूट ऑफ़ आयुर्वेदिक एजुकेशन एंड रिसर्च, मंदसौर के तत्वावधान में किया गया। संस्थान के प्राचार्य डॉ. दीपक यादव द्वारा नियुक्त डॉ. अमृता (एम.डी. बालरोग) ने बच्चों को निःशुल्क स्वर्णप्राशन कराया तथा उनके स्वास्थ्य का परीक्षण कर अभिभावकों को आयु, प्रकृति एवं स्वास्थ्य के अनुसार आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
डॉ. मदन साहू ने बताया कि स्वर्णप्राशन आयुर्वेद की एक महत्वपूर्ण प्रतिरक्षण (इम्यूनोमॉड्यूलेटरी) विधि है, जो बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता, स्मरण शक्ति, बुद्धि, एकाग्रता एवं शारीरिक-मानसिक विकास में सहायक मानी जाती है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
शिविर के दौरान बच्चों को निःशुल्क स्वर्णप्राशन, बाल स्वास्थ्य परामर्श एवं आहार-विहार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में इंटर्न्स प्रीत जैन एवं छवि दुबे का विशेष सहयोग रहा।
तत्त्वम् आयुर्वेद द्वारा बताया गया कि जनस्वास्थ्य की दृष्टि से भविष्य में भी बच्चों एवं अन्य रोगों के लिए ऐसे निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

