लंबे इंतजार के बाद सरवानिया महाराज को मिली स्वास्थ्य सुविधा की सौगात, 1.59 करोड़ की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण

लंबे इंतजार के बाद सरवानिया महाराज को मिली स्वास्थ्य सुविधा की सौगात, 1.59 करोड़ की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण

नीमच क्षेत्रीय खबरें

Shares

लंबे इंतजार के बाद सरवानिया महाराज को मिली स्वास्थ्य सुविधा की सौगात, 1.59 करोड़ की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण

सरवानिया महाराज। नगर के मिडिल स्कूल मैदान परिसर में निर्मित 1 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत वाले नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा द्वारा किया गया। लोकार्पण के साथ ही अस्पताल को क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया गया, जिससे सरवानिया महाराज एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।
यह स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के शुरुआती दौर से ही विभिन्न कारणों से चर्चा और विवादों में बना रहा। लोकार्पण से पहले भवन के कुछ हिस्सों में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की घटना भी सामने आई थी। बाद में ठेकेदार द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कर भवन को स्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द किया गया।
लोकार्पण समारोह के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम भी देखने को मिला। मिली जानकारी के अनुसार विधायक के आधिकारिक उद्घाटन से पहले ही किसी व्यक्ति द्वारा फीता काट दिए जाने अथवा फीता नहीं बांधे जाने के कारण उद्घाटन जैसी स्थिति बन गई थी। इस पर विधायक ने नाराजगी जताई और बाद में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पुनः लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में अपेक्षा के अनुरूप जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति नहीं रही। नगर परिषद के सीमित प्रतिनिधि ही समारोह में पहुंचे, जबकि परिषद के केवल तीन पार्षदों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
अस्पताल के निर्माण स्थल को लेकर भी नगर में लंबे समय से असंतोष देखा जाता रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अस्पताल पूर्व में नीमच-सिंगोली मार्ग पर प्रस्तावित था, जहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध थी। इसके बावजूद अस्पताल का निर्माण संचालित विद्यालय की बाउंड्री के भीतर कराया गया, जिससे कई लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
लोकार्पण समारोह में मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली, नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र जैन, जिला मंत्री शिवम राजपुरोहित, भाजपा नगर अध्यक्ष हेमंत पुरोहित, मेडिकल ऑफिसर डॉ. संदीप शर्मा, नगर परिषद उपाध्यक्ष रामलाल राठौर, मंडल उपाध्यक्ष भूपेश देवड़ा, पार्षद प्रतिनिधि दिनेश साल्वी, नाहर सिंह कानावत, देवीलाल धनगर सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *