मंदसौर पंछी बचाओ अभियान के तहत ‘पंछी टॉवर’ का निर्माण शुरू, दादा-दादी पार्क में हुआ भूमि पूजन
मंदसौर। शहर में पक्षियों के संरक्षण और उन्हें सुरक्षित आश्रय प्रदान करने के उद्देश्य से ‘पंछी बचाओ अभियान’ द्वारा बहुप्रतीक्षित पंछी टॉवर का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। गुरुवार को दादा-दादी पार्क में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजन कर कार्य का श्री गणेश किया गया।
जगह के चयन में आई तकनीकी बाधा
उल्लेखनीय है कि पूर्व में पंछी टॉवर का निर्माण तेलिया तालाब के समीप होना तय किया गया था, जिसके लिए नगर पालिका मंदसौर द्वारा भूमि भी आवंटित की गई थी। निर्माण कार्य शुरू भी हुआ, किंतु तकनीकी जांच के दौरान इंजीनियरों ने उस भूमि को टॉवर की मजबूती और सुरक्षा के लिहाज से अनुपयुक्त घोषित कर दिया था।
नई जगह का आवंटन और कार्य का शुभारंभ
भूमि के अनुपयुक्त पाए जाने के बाद संस्था द्वारा भूमि स्थानांतरण के लिए नगर पालिका में पुनः आवेदन दिया गया। नगर पालिका की बैठकों और विचार-विमर्श के बाद दादा-दादी पार्क में पंछी टॉवर के लिए स्थान आवंटित किया गया। स्थान चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही संस्था के पदाधिकारियों ने निर्माण कार्य को गति दी। टॉवर के भूमि पूजन के अवसर पर शहर के प्रमुख समाजसेवी और राजनैतिक व्यक्तित्व मौजूद रहे। इस दौरान युवा नेता राजेश गुर्जर संस्था अध्यक्ष अनिल कियावत संरक्षक विनय दुबेला
संस्थापक राकेश भाटी समाजसेवी सुनील बंसल सहित कई सदस्य उपस्थित थे। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण और जीव-दया की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। पंछी टॉवर बनने से शहर के पक्षियों को न केवल सुरक्षित आवास मिलेगा, बल्कि भीषण गर्मी और बारिश के मौसम में उन्हें भटकना नहीं पड़ेगा।

