चंपा बाजार में चोरी की वारदात, प्रजापत के घर से चांदी के जेवरात ले उड़े चोर
कुकड़ेश्वर नगर के चंपा बाजार क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार चोरों ने अमृत प्रजापत के मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
अमृत प्रजापत ने बताया कि उनके पिता के निधन के कारण वह अपनी पत्नी के साथ हरिद्वार गए हुए थे। जब दोनों हरिद्वार से वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और दीवान पेटी को तोड़कर उसमें रखी छोटी-मोटी नगदी तथा चांदी के जेवरात चोर ले गए।
घटना की खास बात यह रही कि घर में गैस सिलेंडर और मोटरसाइकिल भी खड़ी थी, लेकिन चोरों ने उन्हें हाथ नहीं लगाया और केवल चांदी के जेवरात लेकर ही फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि अमृत प्रजापत और उनकी पत्नी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
इधर, कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी भीम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा नगर में गश्त बढ़ाई जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को कब तक पकड़ पाती है।

चंपा बाजार में चोरी की वारदात, प्रजापत के घर से चांदी के जेवरात ले उड़े चोर
WhatsApp Group
Join Now
