₹ 4.38 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट, हर वर्ग के विकास का मजबूत आधार: सखलेचा
‘GYANII’ मॉडल पर आधारित बजट में किसान, युवा, महिला, गरीब और अधोसंरचना को प्राथमिकता — कोई नया कर नहीं, प्रदेश के समग्र विकास का स्पष्ट रोडमैप
नीमच। प्रदेश के पूर्व एमएसएमई मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026–27 के ₹ 4,38,317 करोड़ के बजट को ऐतिहासिक, जनहितैषी और सर्वस्पर्शी बजट बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र विकास और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री सखलेचा ने नीमच स्थित भाजपा जिला कार्यालय तपोभूमि पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट ‘GYANII’ मॉडल पर आधारित है, जिसमें गरीब कल्याण, युवा सशक्तिकरण, अन्नदाता किसानों की उन्नति, महिला सशक्तिकरण, अधोसंरचना विकास तथा निवेश और उद्योग को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आम जनता को राहत देते हुए कोई नया कर नहीं लगाया है और न ही कर दरों में वृद्धि की है, जो सरकार की जनहितकारी सोच को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है और वर्ष 2026–27 में सकल राज्य घरेलू उत्पाद ₹ 18.48 लाख करोड़ से अधिक होने का अनुमान है। सरकार ने वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में समर्पित करते हुए कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों के लिए ₹ 1,15,013 करोड़ का प्रावधान किया है। प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना के तहत किसानों को 1 लाख सोलर सिंचाई पंप उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
श्री सखलेचा ने कहा कि अधोसंरचना विकास के लिए ₹ 1 लाख करोड़ से अधिक का निवेश किया जा रहा है, जिससे सड़कों, पुलों, सिंचाई और शहरी विकास के क्षेत्र में तेजी आएगी तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री मजरा-टोला सड़क योजना, केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा शहरी विकास योजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा देंगी।
उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत ₹ 23,883 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिलेगा।
श्री सखलेचा ने कहा कि यह बजट प्रदेश के गरीब, किसान, युवा, महिला, कर्मचारी, व्यापारी और उद्यमी सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और यह मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

₹ 4.38 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट, हर वर्ग के विकास का मजबूत आधार: सखलेचा
WhatsApp Group
Join Now
