कुकड़ेश्वर में भगवान परशुराम जयंती पर निकला भव्य चल समारोह, नगर में उमड़ा श्रद्धा और उत्साह का सैलाब
कुकड़ेश्वर। – अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर कुकड़ेश्वर नगर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस बार भी सकल ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चल समारोह का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे सारस्वत ब्राह्मण मंदिर से हुआ। विशेष रूप से सजाए गए भाव रथ में भगवान परशुराम की भव्य मूर्ति विराजित की गई, जिसे नगर भ्रमण पर ले जाया गया। ढोल-नगाड़ों, डीजे और बैंड-बाजों की गूंज के बीच श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में “जय श्री परशुराम” के जयघोष करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे पूरे उत्साह से नाचते-गाते नगर भ्रमण में सहभागी बने।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों – काची मोहल्ला, ब्राह्मण मोहल्ला, लोहार मोहल्ला, जैन मंदिर, चंपा बाजार, रंगरा चौक, तमोली चौक, नीम चौक, सदर बाजार और बस स्टैंड – से होती हुई पुनः ब्राह्मण मंदिर पहुंची।
मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भगवान परशुराम की आरती की गई। पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण कर नगरवासियों ने शोभायात्रा का भावपूर्ण स्वागत किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
चल समारोह के समापन पर ब्राह्मण मंदिर में भगवान परशुराम जी की महाआरती की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। यह आयोजन नगर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण बना
ये भी पढ़े – गरीब दंपती के घर में लगी आग घर में रखा सारा सामान जल कर खाक