जीरन में बढ़ता अतिक्रमण बना मुसीबत, बस स्टैंड से गणपति मंदिर तक यातायात प्रभावित
बैंक के सामने अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर फैलते दुकानों के काम से राहगीर परेशान, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
जीरन। नगर के बस स्टैंड से लेकर गणपति मंदिर नीमच रोड तक बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। मुख्य मार्ग पर दुकानदारों और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक समस्या स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जीरन के सामने देखने को मिल रही है, जहां वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण सड़क का आधे से ज्यादा हिस्सा घिर जाता है। बैंक के सामने कोई समुचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लोग अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत होती है। कई बार तो स्थिति ऐसी बन जाती है कि बस या ट्रैक्टर जैसे बड़े वाहन तक निकल नहीं पाते।
इसके अलावा मुख्य सड़क पर कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर आधे से अधिक सड़क पर सामान रखकर या वहीं काम करके अतिक्रमण कर रहे हैं। इससे सड़क और संकरी हो जाती है और यातायात प्रभावित होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या की पूरी जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का मानना है कि कहीं न कहीं राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव के कारण अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
मेरे संज्ञान में मामला आया है और यदि रोड को अवरुद्ध करने की बात है तो जल्दी ही इसको दिखवाते है।
विकास डावर
सीएमओ नगर परिषद जीरन

