बिजली विभाग की लापरवाही से किसान की मेहनत राख, चिंगारी से खेत में लगी भीषण आग
नीमच जिले के भोपतपुरा गांव में विद्युत तार टकराने से गेहूं-जौ की फसल जली, ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
मध्यप्रदेश के नीमच जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा एक किसान को अपनी मेहनत की फसल गंवाकर भुगतना पड़ा। कुछ ही मिनटों में चार महीने की कड़ी मेहनत आग की भेंट चढ़ गई।
जानकारी के अनुसार मामला नीमच जिले की जीरन तहसील के समीपस्थ ग्राम भोपतपुरा का है। यहां किसान शांतिलाल रावत ने अपने साढ़े तीन बीघा खेत में गेहूं और जौ की फसल बोई थी। फसल पूरी तरह तैयार हो चुकी थी और किसान को अच्छी पैदावार की उम्मीद थी। लेकिन शुक्रवार शाम करीब पांच बजे खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के तार आपस में टकरा गए। तारों के टकराने से अचानक फाल्ट हुआ और उससे निकली चिंगारी खेत में गिर गई।
चिंगारी गिरते ही खेत में खड़ी सूखी फसल ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में करीब एक बीघा गेहूं और डेढ़ बीघा जौ की फसल जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही किसान शांतिलाल रावत मौके पर पहुंचे। आसपास के ग्रामीण भी तुरंत बाल्टियां और डिब्बे लेकर खेत की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने खेतों में चल रही विद्युत मोटरों से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा दी गई, वरना आसपास के कई खेतों की खड़ी फसल भी जलकर खाक हो सकती थी।
घटना के बाद किसानों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।

