मरीजों से हो सम्मानपूर्वक व्यवहार और उन्हें मिले बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं – विधायक विपिन जैन
जिला अस्पताल का डेढ़ घंटे औचक निरीक्षण कर मरीजों से जानी समस्याएं व ड्यूटी पर अनुपस्थित डॉक्टर-कर्मचारियों को नोटिस देने के दिए निर्देश
मंदसौर। लोकप्रिय विधायक श्री विपिन जैन ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का करीब डेढ़ घंटे तक औचक निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। निरीक्षण में सामने आई अव्यवस्थाओं की रिपोर्ट विधायक श्री जैन जिला कलेक्टर को सौंपेंगे ।
विधायक जैन ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था, भोजन व्यवस्था तथा गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले विशेष आहार की गुणवत्ता भी जांची । उन्होंने गर्भवती महिलाओं की ओपीडी, टीकाकरण केंद्र तथा बच्चों के टीकाकरण कार्यक्रम का निरीक्षण किया । इसके बाद ओपीडी में पहुंचकर मरीजों से चर्चा की और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित चिकित्सकों को निर्देश दिए ।
श्री जैन ने डॉक्टरों एवं अस्पताल स्टाफ को मरीजों और उनके परिजनों से सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में अधिकांश गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार इलाज के लिए आते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के साथ सम्मानजनक व्यवहार भी मिलना चाहिए ।
निरीक्षण के दौरान विधायक श्री जेन ने सिविल सर्जन को सोनोग्राफी मशीन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा संबंधित डॉक्टर को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए । वहीं ड्यूटी से अनुपस्थित मिले डॉक्टर एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए ।
विधायक ने मरीजों को दी जाने वाली नि:शुल्क दवाइयों के वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया । साथ ही गर्भवती महिलाओं को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद लंबे समय तक एंबुलेंस का इंतजार न करना पड़े, इसके लिए उन्हें उनके निवास तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय में विधायक प्रतिनिधि श्री जितेंद्र गुगर तथा मीडिया प्रभारी श्री राजनारायण लाड़ भी साथ रहे ।

