कुकड़ेश्वर में सामाजिक समरसता संत यात्रा का भव्य स्वागत, हिंदू एकता का दिया संदेश
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा आयोजित सामाजिक समरसता संत यात्रा का रविवार को कुकड़ेश्वर–रामपुरा प्रखंड में भव्य आगमन हुआ। यात्रा के नगर आगमन पर फुलपुरा बालाजी मंदिर पर संतों एवं वरिष्ठ दायित्ववानों का प्रखंड कार्यकारिणी द्वारा दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
मालवा प्रांत के मंदसौर विभाग द्वारा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत – समरस भारत” के संकल्प के साथ निकाली जा रही इस यात्रा का उद्देश्य समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव को समाप्त कर हिंदू समाज में एकता और समरसता को मजबूत करना है।
यात्रा में पूज्य संत श्री 1008 श्वासानंद जी महाराज (बरडियाबामन), मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़ क्षेत्र के समरसता प्रमुख गोपाल जी सोनी (इटारसी/भोपाल), मालवा प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख शिवप्रसाद जी शर्मा (देवास), मंदसौर विभाग सामाजिक समरसता प्रमुख प्रकाश जी पोरवाल, विभाग सत्संग प्रमुख शंकर सिंह चौहान (शामगढ़) तथा यात्रा प्रभारी गोविंद जी (मंदसौर) सहित अनेक संत एवं पदाधिकारी शामिल रहे।
भव्य पदयात्रा और पुष्पवर्षा से स्वागत
नगर में यात्रा के आगमन पर संतों और विहिप कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में भव्य पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान नगरवासियों ने जगह–जगह पुष्पवर्षा कर संतों का स्वागत किया। पदयात्रा के दौरान “हिंदवः सोदराः सर्वे” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो उठा।
धर्मसभा में संतों का मार्गदर्शन
पदयात्रा के बाद आयोजित धर्मसभा में संत श्री श्वासानंद जी महाराज ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और संस्कृति के संरक्षण के लिए हिंदू समाज का संगठित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “एक मंदिर, एक कुआं और एक श्मशान” की भावना से ही समाज में व्याप्त जातिवाद को समाप्त किया जा सकता है।
सहभोज से दिया समरसता का संदेश
यात्रा के दौरान आयोजित अल्पाहार कार्यक्रम में संतों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर सहभोज किया। इस अवसर पर संतों ने समाज में समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
यह संत यात्रा 13 मार्च से 16 मार्च 2026 तक मंदसौर विभाग के विभिन्न नगरों से गुजर रही है। यात्रा का शुभारंभ मंदसौर से होकर सीतामऊ, शामगढ़, गरोठ, गांधीसागर, रामपुरा, मनासा, कंजार्डा, रतनगढ़, नीमच और मल्हारगढ़ होते हुए 16 मार्च को पिपलिया मंडी में समापन होगा।
कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में विहिप और संघ के प्रांत, विभाग, जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से जिला सह मंत्री विनोद माली, जिला सुरक्षा प्रमुख कपिल आचार्य, जिला विशेष संपर्क प्रमुख जगपाल फरक्या, जिला सह गौ रक्षा प्रमुख मिश्रीलाल खुवार, प्रखंड अध्यक्ष असीम व्यास, उपाध्यक्ष सुनील चौधरी, सहसंयोजक पवन राठौड़, पंकज पोरवाल, सह मंत्री राधे राठौड़, विद्यार्थी प्रमुख नवीन जगोलिया, सह गौ रक्षा प्रमुख गोवर्धन गुर्जर, नगर अध्यक्ष दिनेश कलावड़िया, नगर संयोजक बाबूलाल जागोलिया सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कुकड़ेश्वर में सामाजिक समरसता संत यात्रा का भव्य स्वागत, हिंदू एकता का दिया संदेश
WhatsApp Group
Join Now
