सरवानिया महाराज में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न, पांचों बालाजी मंदिरों की सामूहिक शोभायात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब, जगह-जगह हुआ ऐतिहासिक स्वागत
सरवानिया महाराज :- नगर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। 2 अप्रैल को आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर नगर के पांचों बालाजी मंदिरों की समितियां करीब दस दिनों से तैयारियों में जुटी हुई थीं। मंदिरों की विशेष सजावट, रंग-रोगन, आकर्षक विद्युत साज-सज्जा और भक्तिमय माहौल ने पूरे नगर को धार्मिक रंग में रंग दिया। इस वर्ष आयोजन का स्वरूप पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक भव्य और आकर्षक नजर आया।
आयोजन की शुरुआत आमलीभाट रोड स्थित श्री खरा वाले बालाजी मंदिर से विशाल भंडारे के साथ हुई, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के अनुसार यह भंडारा हर वर्ष अलग-अलग मंदिर समितियों द्वारा आयोजित किया जाता है, और अगले वर्ष यह जिम्मेदारी रावला चौक स्थित वीर बालाजी मंदिर समिति निभाएगी।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर नगर के सभी बालाजी मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। रात्रि से लेकर अलसुबह तक हवन, अभिषेक एवं चोला चढ़ाने की परंपरा निभाई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिरों पर सजी आकर्षक लाइटिंग और भगवा ध्वज श्रद्धा का केंद्र बने रहे। शाम करीब पांच बजे नगर के पांचों बालाजी मंदिरों से सजी-धजी चलित झांकियां ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में निकाली गईं, जो नीमच-सिंगोली रोड स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर पहुंचीं। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सांवरिया बैंड, ढोल-ढमाकों और जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई।
शोभायात्रा बस स्टैंड, जावी चौराहा, पिपली चौक, दरवाजा चौक और सदर बाजार होते हुए रावला चौक पहुंची। मार्ग में श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नाचते-गाते नजर आए। नगर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा ऐतिहासिक स्वागत किया गया। बस स्टैंड, टोकरिया भैरू, जावी चौराहा और चारभुजा मंदिर सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए रसना, कुल्फी और छाछ की व्यवस्था की गई। जगह-जगह पुष्पवर्षा ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। रावला चौक पहुंचकर सामूहिक आरती की गई, जिसके बाद सभी झांकियां अपने-अपने मंदिरों के लिए रवाना हुईं। शोभायात्रा में नगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और मातृशक्ति शामिल हुईं।
आयोजन को सफल बनाने में नगर परिषद अध्यक्ष का विशेष योगदान रहा। भक्तों के लिए साफों की व्यवस्था, मंदिरों पर भगवा ध्वज और तोप के माध्यम से पुष्पवर्षा इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान चौकी प्रभारी निलेश सोलंकी एवं उनकी टीम ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। इस अवसर पर एसडीओपी रोहित राठौर, थाना प्रभारी विकास पटेल, पटवारी, कोटवार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसी के साथ भंडारा स्थल पर गोमाता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से 27 अप्रैल को ‘गो सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा। इसके तहत गोभक्तों द्वारा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

सरवानिया महाराज में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न
WhatsApp Group
Join Now
