स्वैच्छिक रक्तदाता कार्यशाला सम्पन्न, रक्तवीरों एवं संस्थाओं का हुआ सम्मान
मंदसौर। जिला मुख्यालय पर जिला स्वास्थ्य विभाग मंदसौर द्वारा स्वैच्छिक रक्तदाता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय मंदसौर के ब्लड सेंटर में वर्षभर स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं तथा रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्वैच्छिक रक्तदाता कार्यक्रम की राज्य सहायक संचालक श्रीमती मोनल सिंह जाट विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यशाला में लगभग 50 सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं, थैलेसीमिया मरीजों, दुर्घटना प्रकरणों तथा अन्य आपात स्थितियों में रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं के प्रति स्वास्थ्य विभाग द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
ब्लड सेंटर की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिला चिकित्सालय मंदसौर का ब्लड सेंटर “रक्तदान अमृत महोत्सव” एवं “विश्व रक्तदाता दिवस” के अवसर पर लगातार राज्य के शीर्ष रक्तकोषों में शामिल रहा है। कोच्चि में आयोजित राष्ट्रीय रक्तधान सेवा सम्मेलन में ब्लड सेंटर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया तथा संस्थान को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन भी प्राप्त हुआ है।
ब्लड सेंटर द्वारा नियमित रूप से थैलेसीमिया, कैंसर, एप्लास्टिक एनीमिया एवं सिकल सेल एनीमिया के मरीजों तथा गर्भवती महिलाओं को प्रतिस्थापन-मुक्त रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. जी. सूर्यवंशी, सिविल सर्जन डॉ. बी. एल. रावत, पैथोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ मंडवारिया, ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. सौरभ शर्मा, ब्लड बैंक परामर्शक श्री रामगोपाल पाटीदार एवं ब्लड बैंक स्टाफ उपस्थित रहे।
साथ ही कार्यक्रम में श्री मनोहरलाल जैन, श्री मदन लाल राठौड़, श्री प्रीतेश चावला, श्री उमेश नेक्स, श्री संजय जैन (श्वेता), श्री नरेंद्र धनोतिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं अतिथिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी द्वारा किया गया।

