आंगनवाड़ी केंद्र पर मधुमक्खियों का कहर, महिला की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
सरवानिया महाराज :- चौकी क्षेत्र अंतर्गत मडावदा पंचायत के ग्राम रानपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्र के बाहर खड़ी एक महिला ने वहां मौजूद छोटे बच्चों को बचाने का प्रयास किया, इसी दौरान वह मधुमक्खियों के हमले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों के अचानक झुंड के रूप में पहुंचने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास कर रही थी, तभी मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को बचाने का प्रयास किया तथा तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 एफआरवी टीम में तैनात आरक्षक कालूनाथ योगी (322) एवं एफआरवी पायलट राजेश राठौर मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायल महिला को उपचार हेतु सरवानिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपस्थित चिकित्सकों ने जांच के उपरांत महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान कंचन बाई मेघवाल पति शिवलाल के रूप में हुई है। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। घटना के बाद ग्राम रानपुर क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आंगनवाड़ी केंद्र एवं आसपास क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा मधुमक्खियों के छत्तों को शीघ्र हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

