अनुयोग हॉस्पिटल ने ली महिला बंदियों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी जिला जेल में आयोजित हुआ केंप
मंदसौर। महिला दिवस पर जैन दिवाकरीय उपाध्याय प्रवर डॉक्टर गौतम मुनि मासा की 50 वीं दीक्षा जयंती के अवसर पर गुरु प्रताप गौतम मुनि जी जैन सेवा संस्थान द्वारा अनुयोग हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर (मंदसौर, दलौदा) और जिला प्रशासन के सहयोग से जिला जेल में महिला बंदियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन हुआ। जिसमें कलेक्टर अदिती गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार, नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, जेल अधीक्षक पीके सिंह, अनुयोग हॉस्पिटल की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ अंजु कोठारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। महत्वपूर्ण बात यह रही कि अनुयोग हॉस्पिटल अब महिला बंदियों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी उठाएगा।
शुक्रवार को जिला जेल में आयोजित हुए केंप में 16 महिला बंदियों के स्वास्थ्य का परीक्षण अनुयोग हॉस्पिटल की टीम के अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया। केंप में अनुयोग हॉस्पिटल के कार्डियक, शुगर एवं गंभीर रोग विशेषज्ञ एमडी डॉ योगेंद्र कोठारी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ शम्मी चतुर्वेदी, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ निकहत मंसूरी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ ऋचा मेहता, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ बरखा दासानी, जिला अस्पताल में पदस्थ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ मरावी और ई एनटी स्पेशलीस्ट डॉ लवी उकावत द्वारा महिला बंदियों के स्वास्थ्य की जांच आधुनिक मशीनों द्वारा की गई। जिसमें सभी महिला बंदी पूर्णत: स्वस्थ्य मिली। इस अवसर पर कलेक्टर अदिती गर्ग ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि शासन और प्रशासन दोनोंं की ही मंशा है कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया जाए। चाहे वह व्यापार हो या प्रशासनिक व्यवस्था में योगदान। अनुयोग हॉथ्स्पटल काफी लंबे समय से निशुल्क चिकित्सा सेवाओं के लिए तत्पर रहता है।
नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने कहा कि जेल में आने की महिला कैदियों की जो भी वजह रही हो। अब यहां से जाने के बाद समाज की मुख्यधारा में सम्मीलीत होना होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार ने कहा कि महिलाएं अब पुरुषों से कम नहीं है। पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। महिला ही कुशल प्रबंधन के रूप में जानी जाती है। चाहे घर का प्रबंधन संभालना हो या घर के बाहर कोई भी काम संभालना हो। गुरु प्रताप गौतम मुनि जी जैन सेवा संस्थान के सचिव मनीष मारु ने कहा कि मंदसौर बहुत भाग्यशाली है। प्रशासनिक व्यवस्थाओं की बात करें तो जिले की सबसे बड़ी अधिकारी महिला है। वहीं मंदसौर की प्रथम नागरिक भी महिला है। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष भी एक महिला है। यहीं नहीं शहर का सबसे बड़े अस्पताल अनुयोग हॉस्पिटल का संचालन करने वाली डॉ अंजु कोठारी भी महिला है। आगे भी तरह के केंप आयोजित किए जाएगे। मनीष मारू ने कहा कि अब जिला जेल में बंद सभी महिला कैदियों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी अनुयोग हॉस्पिटल की रहेगी। संस्थान और अनुयोग हॉस्पिटल के इस फैसले पर कलेक्टर अदिती गर्ग ने आभार भी माना।
ये भी पढ़े –अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर वार्ड 39 में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित हुआ