चीताखेड़ा सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पोस्टर प्रतियोगिता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने दिखाया उत्साह
महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और महिला अधिकारों पर बनाए आकर्षक पोस्टर; 6 से 8 मार्च तक तीन दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला
चीताखेड़ा - महिला एवं बाल विकास विभाग, नीमच द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिलेभर में 6 मार्च से 8 मार्च तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को चीताखेड़ा सेक्टर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सेक्टर के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने रंग-बिरंगे और आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, महिला अधिकार, बेटियों की सुरक्षा और समाज में महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों को चित्रों और संदेशों के जरिए प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।इसके साथ ही कार्यक्रम में पेंटिंग, निबंध लेखन, रैली और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। सभी गतिविधियों में कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ भाग लेते हुए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने प्रतिभागी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की रचनात्मकता, जागरूकता और सामाजिक मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
प्रतियोगिता में बेहतर और आकर्षक पोस्टर बनाने वाली कार्यकर्ताओं की विशेष रूप से प्रशंसा की गई तथा उन्हें आगे भी ऐसे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती सारिका केदार, चीताखेड़ा की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाएं, सेक्टर सुपरवाइजर तथा सांझा समूह संचालक दीदियां मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
गौरतलब है कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के तहत 6 से 8 मार्च तक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत 6 मार्च को सेक्टर स्तरीय कार्यक्रम, 7 मार्च को परियोजना स्तर पर कार्यक्रम तथा 8 मार्च को जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिनमें महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा की जाएगी।

