340 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था घी,152 लीटर घी का स्टॉक जप्त
शिकायत पर गोपी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण, 6 मिठाइयों के नमूने लिए
नीमच। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार तथा अपर कलेक्टर एवं जिला अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई सतत जारी है।
इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के निराकरण के लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने तिलक मार्ग स्थित गोपी मिष्ठान भंडार का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गुलाब पाक, गुलाब जामुन, मावा बर्फी, मलाई बर्फी, बेसन लड्डू एवं अंजीर बर्फी के एक-एक नमूने सहित कुल 6 नमूने जांच हेतु लिए गए। नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा तथा रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, 19 अगस्त को मनासा के कोर्ट रोड स्थित सोमानी ट्रेडर्स से शिवाय रुद्रांश ब्रांड के घी के 4 नमूने लिए गए। मिलावट की आशंका पर लगभग 152 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत 52 हजार रुपये है, जप्त किया गया। उक्त घी 340 रुपये प्रति लीटर की दर से विक्रय किया जा रहा था। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक घी का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा विभिन्न डेयरियों एवं ढाबों से पनीर, मावा, दही, छाछ एवं घी के नमूने लिए गए। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 21 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों तथा एनालॉग पनीर एवं नॉन-डेयरी उत्पादों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी, श्री यशवंत कुमार शर्मा एवं टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

