गंगा दशहरा पर बावड़ियों में श्रमदान, दीपदान और जल संरक्षण का संकल्प
मंदसौर। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर शहर की प्राचीन बावड़ियां श्रद्धा, सेवा और जनभागीदारी का केंद्र बनीं। जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने बावड़ियों पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया तथा दीपदान एवं पूजा-अर्चना कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पिछले करीब 45 दिनों से कोर्ट परिसर स्थित ऐतिहासिक सात सहेली वाली बावड़ी पर लगातार श्रमदान किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शहर की प्राचीन जल संरचनाओं को पुनर्जीवित कर उन्हें स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाना है।
गंगा दशमी के अवसर पर नाग देवता वाली बावड़ी, बालाजी की बावड़ी और सात सहेली वाली बावड़ी पर श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर जल स्रोतों की पूजा-अर्चना की। इस दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और लोगों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम जिला समन्वयक तृप्ति बैरागी के निर्देशन में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि बावड़ियां हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर हैं, जिन्हें बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम सभी मिलकर प्रयास करें तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को संरक्षित रखा जा सकता है।
इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक अर्चना भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता विनय दुबेला, हरीश सालवी, अजीजुल्लाह खान, महेंद्र सिंह सिसोदिया, राजेश चौहान, प्रियदर्शन सामाजिक सेवा संस्था के दिनेश सौलंकी, नगर विकास प्रस्फुटन समिति के संतोष सालवी, रेखा बैरागी, मेंटर्स संदीप शर्मा, जन अभियान परिषद के दशरथ नायक, राजू प्रजापत, उषा सोलंकी, कविता चौहान सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

