श्री हनुमंत जन्मोत्सव पर श्री तीन छत्री बालाजी धाम पर होगा पांच दिवसीय भव्य आयोजन
प्रेस वार्ता में संतों ने दी जानकारी
मंदसौर। प्रतिवषार्नुसार इस वर्ष भी श्री हनुमंत जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य में पंचदिवसीय श्री हनुमान महायज्ञ का आयोजन श्री तीन छत्री बालाजी धाम परिसर पर हो रहा है। कार्यक्रम हेतु एक प्रेस वार्ता का आयोजन 20 मार्च शुक्रवार को श्री तीन छत्री बालाजी धाम परिसर पर किया गया जिसमें आयोजनों को लेकर विस्तृत जानकारी श्री श्री 108 श्री महंत श्रीरामकिशोर दास जी महाराज
(श्री तीन छत्री बालाजी धाम, मन्दसौर), यज्ञाचार्य जी श्री विष्णु शर्मा (रठाना), श्री राघव गौड़ ने दी।
प्रेस वार्ता में श्री श्री 108 श्री महंत श्रीरामकिशोर दास जी महाराज ने श्री तीन छत्री बालाजी धाम की महता को बताते हुए कहा कि यह तीर्थ अत्यंत चमत्कारिक है। इस तीर्थ पर जो भी मनोकामना मांगी जाती है वह भगवान बालाजी पूर्ण करते है। आयोजनों के बारे में जानकारी देते हुए गुरूजी ने बताया कि महाभारत के शांति पर्व की यज्ञ: सर्वस्य धारणम् यह सूक्ति कहती है की यज्ञ ही सभी विषयों को धारण करता हैं। हमारे जीवन में यज्ञ का अत्यधिक महत्व बताया गया सनातनी परम्परा में यज्ञ हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। इसलिए प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्री तीन छत्री बालाजी धाम, मन्दसौर पर पांच दिवसीय आयोजन किये जा रहे है। जो 29 मार्च से प्रारंभ होगे और 2 अप्रैल को इसका समापन होगा। आयोजनों के अंतर्गत 29 मार्च रविवार को प्रात: 8 बजे कलश यात्रा निकाली जायेगी एवं पांच दिवसीय यज्ञ प्रारंभ होगे। 30 मार्च 2026,सोमवार को रात्री – 8 बजे से भव्य भजन संध्या होगी। 31 मार्च 2026, मंगलवार को रात्री – 8 बजे से सुन्दरकाण्ड का पाठ होगा। 1 अप्रैल को यज्ञ अनुष्ठान होगे वही यज्ञ पूणार्हुति 02 अप्रेल 2026,गुरुवार को होगी। पूर्णाहूति के अवसर पर महाप्रसादी / भण्डारा का आयोजन सायं 5 बजे से प्रभु ईच्छा तक रहेगा। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत हनुमंत जन्मोत्सव पर ध्वजा यात्रा – दि. 2 अप्रेल 2026 गुरूवार, प्रात: 8 बजे, श्री बड़े बालाजी बस स्टेण्ड से प्रारंभ होगी जो विभिन्न मार्गो से होती हुई तीन छत्री बालाजी धाम पर पहुंचेगी।
यज्ञाचार्य जी श्रीविष्णु शर्मा (रठाना) ने बताया कि हमारे शास्त्रों में यज्ञों के विशेष महत्व का उल्लेख है। यज्ञ की आहूतियां हमारे जीवन की नकारात्मकता को खत्म कर सकारात्मकता मेंं परिवर्तित कर देती है। इसलिए प्रतिवर्षा नुसार इस वर्ष भी श्री तीन छत्री बालाजी धाम, मन्दसौर पर पांच दिवसीय नवकुण्डात्मक श्री हनुमंत महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रतिदिन 27 जोडे यज्ञ शाला में बैठगे।
राघव गौड़ ने बताया कि यज्ञ में बैठने हेतु निर्धारित शुल्क रखा गया है लेकिन वह स्वैच्छिक है बिना शुल्क के भी यज्ञ में बैठा जा सकता है। कोई भी यज्ञ में बैठने के लिए धनराशि को बाधा न समझे। श्री गौड़ ने बताया कि यज्ञ का बहुत महत्व है यज्ञ के माध्यम से हम लोग वैश्विक शांति की प्रार्थना परमेश्वर से करेंगे।
श्री तीन छत्री बालाजी मंदिर के समस्त भक्त मण्डल, श्री तीन छत्री बालाजी व्यायामशाला, श्री तीन छत्री बालाजी हरिनाम संकीर्तन मण्डल, मंदसौर एवं आयोजनकर्ताओं ने नगर की सभी धर्मप्रेमी जनता से निवेदन किया हैं कि यज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ लेंवे, और जीवन को कृतार्थ करें।
विशेष = आप सभी मीडिया साथी भी सपरिवार पांच दिवसीय आयोजन में सादर आमंत्रित है। आप भी इच्छानुसार यज्ञ में सम्मिलित हो सकते है। यह आयोजन हम सभी की आस्था के केन्द्र भगवान बालाजी महाराज का है इसलिए आप अपने मीडिया संस्थानों पर आयोजन की खबरों को स्थान प्रदान करें एवं सभी कार्यक्रमों में सम्मिलित होवे।

