झाझंरवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में धधका कोल्ड स्टोरेज, आसमान में छाया काला धुआं
बंद पड़े प्लांट में लगी भीषण आग, लाखों की मशीनरी जलकर खाक, दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
नीमच। शहर के झाझंरवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फ्रूट कोल्ड स्टोरेज प्लांट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिसे कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता था। अचानक उठी ऊंची लपटों से आसपास के उद्योगों में काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को तुरंत बुलाया गया। कुछ ही देर में तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा प्लांट आग के गोले में तब्दील हो गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय प्लांट कई दिनों से बंद पड़ा था, जिसके कारण अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था और कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन आग की चपेट में आने से प्लांट के भीतर लगी कीमती मशीनरी और अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया, जिससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।

झाझंरवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में धधका कोल्ड स्टोरेज, आसमान में छाया काला धुआं
WhatsApp Group
Join Now
